मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में सोमवार रात करीब 9.30 बजे सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में पिपलियामंडी निवासी 43 वर्षीय संजय गुर्जर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अंधेरे में नहीं दिखी ट्रॉली-
जानकारी के अनुसार संजय सोमवार शाम अपने दोस्त से मिलने कनघट्टी गए थे। रात में बाइक से घर लौटते समय अंधेरे के कारण उन्हें सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और उनकी बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद संजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सिर और पैर में आए गंभीर घाव-
मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान संजय के सिर में 5 और पैर में 4 टांके लगाए गए। उनके चेहरे पर भी चोट आई है। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
सुबह बस लेकर जाना था दिल्ली-
संजय पेशे से ड्राइवर हैं। उन्हें मंगलवार सुबह बस लेकर दिल्ली जाना था, लेकिन हादसे में घायल होने के कारण अब उनका दिल्ली जाना संभव नहीं हो पाएगा। यह जानकारी उनके भाई तरुण ने दी।