नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चीताखेड़ा द्वारा मंगलवार को आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 48 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविर में त्वचा रोग, उदर रोग, नेत्र रोग, शिरो रोग, श्वास-कास, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, विबंध तथा नाक, कान और गले से संबंधित समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
शिविर के दौरान लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश विजयवर्गीय, दवासाज जगदीश इरवार और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हेम कुंवर उपस्थित रहे।