शिवपुरी। शहर के सदर बाजार में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नगर पालिका की टीम फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाने पहुंची। कार्रवाई से नाराज फुटपाथ पर दुकान लगाने वाली बुजुर्ग महिलाओं ने विरोध जताते हुए सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। महिलाओं के सड़क पर बैठने से कोर्ट रोड पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।
मामले की सूचना मिलते ही नगर पालिका प्रशासन और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने धरने पर बैठी महिलाओं को समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं।
महिलाओं का विरोध देखते हुए आखिरकार नगर पालिका प्रशासन ने उन्हें दीपावली तक उसी स्थान पर दुकान लगाने की मोहलत देने पर सहमति जताई। इसके बाद विरोध समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हो गई।
फिलहाल नगर पालिका की ओर से दी गई राहत के बाद फुटपाथ दुकानदारों को दीपावली तक दुकान लगाने की अनुमति मिल गई है। इस घटनाक्रम के दौरान सदर बाजार में कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल बना रहा।