इंदौर। मध्य प्रदेश में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 30 अक्टूबर को इंदौर में पैदल मार्च निकालने की तैयारी की है। इसको लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने देश विरोधी नारों और अराजकता के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया, ऐसे में कोई कैसे कह सकता है कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशाअल्लाह-इंशाअल्लाह।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारत माता हमारी माता हैं और देश के खिलाफ बोलने वालों को अराजकता फैलाने देना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत की प्रगति नहीं देखना चाहते और देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
सोशल मीडिया वीडियो जारी कर उठाए सवाल
मंत्री विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अराजकता फैलाने वालों का समर्थन किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे हालात पैदा करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं किया जा सकता, जिनसे आम लोगों और उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचे। उन्होंने लोकतंत्र और देश की व्यवस्था को बनाए रखने की बात कही।
सुबह 10 बजे शुरू होगा पैदल मार्च
भाजपा का पैदल मार्च 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे इंदौर के सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे तक पहुंचेगा। विजयवर्गीय ने लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से इसमें शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत अराजकता के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है।
पड़ोसी देशों के हालात का भी किया जिक्र
अपने वीडियो में विजयवर्गीय ने फ्रांस, इटली और अन्य देशों में जारी अशांति का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल के हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपने पड़ोसी देशों में अस्थिरता देखी है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग भारत में भी इसी तरह अराजकता फैलाना चाहते हैं।
मार्च के मार्ग का किया निरीक्षण
पैदल मार्च की तैयारियों के तहत मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मार्च के मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा के इस पैदल मार्च को इंदौर में पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है।