निंबाहेड़ा। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लोड शेडिंग की समस्या से परेशान किसानों एवं आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्व नगरीय विकास एवं आवासन तथा स्वायत्त शासन मंत्री और विधायक श्रीचंद कृपलानी की पहल पर निंबाहेड़ा स्थित 220 केवी जीएसएस में 160 एमवीए क्षमता के एक पावर ट्रांसफॉर्मर की जगह 200 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। इसकी स्थापना और चार्जिंग संबंधी कार्य पूरे हो चुके हैं। इसे आगामी दो दिनों के भीतर ऊर्जीकृत किया जाना प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के सामने उठाया था मुद्दा-
क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती की समस्या को लेकर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से वार्ता कर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया था। उन्होंने किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त और सुचारु बिजली उपलब्ध कराने तथा विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
पांच जीएसएस से जुड़े क्षेत्रों को मिलेगा लाभ-
नए ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ने से निंबाहेड़ा 220 केवी जीएसएस की विद्युत भार वहन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे 132 केवी जीएसएस कनेरा, बड़ीसादड़ी, डोरिया, छोटी सादड़ी और मंगलवाड़ से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। विशेष रूप से किसानों को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लोड शेडिंग से राहत मिल सकती है।
किसानों को सुचारु बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता-
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि क्षेत्र में बिजली कटौती से किसानों और आमजन को परेशानी हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से चर्चा की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रांसफॉर्मर के चालू होने से विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
अधिशासी अभियंता ने किया निरीक्षण-
बुधवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता प्रेमचंद बैरवा ने निंबाहेड़ा 220 केवी जीएसएस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना और चार्जिंग संबंधी कार्यों का जायजा लिया। ट्रांसफॉर्मर को आगामी दो दिनों में चालू करने का प्रस्ताव है। इसके ऊर्जीकृत होने के बाद निंबाहेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है।