नीमच। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नीमच यातायात पुलिस ने महू रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस मुख्यालय भोपाल (पीटीआरआई) और पुलिस अधीक्षक नीमच के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों को जब्त किया गया तथा 20,900 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
थाना प्रभारी यातायात मलखान सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) और परमिट सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति भी देखी गई।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। इसके अलावा ऑटो रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभिभावकों और स्कूल संचालकों से अपील-
यातायात पुलिस ने अभिभावकों और विद्यालय संचालकों से अपील की है कि वे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कराएं तथा क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाएं।
पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा नीमच पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है और स्कूली बच्चों का सफर सुरक्षित बनाया जा सकता है।