नीमच। नीमच सिटी थाने में एक महिला की गिरफ्तारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नेहा की जगह मालखेड़ा निवासी छह माह की गर्भवती जया को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया।
परिजनों का दावा था कि पुलिस जिस महिला को थाने लाई है, वह नेहा नहीं, बल्कि जया है। उन्होंने महिला की पहचान से जुड़े आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पुलिस के सामने पेश किए और मामले की जांच की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया। जांच के बाद महिला की पहचान जया के रूप में स्पष्ट हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वहीं, पुलिस अब नेहा की तलाश और उससे जुड़े मामले की जांच में जुटी है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद गर्भवती जया को परिजनों के सुपुर्द किए जाने से मामले की स्थिति स्पष्ट हुई है।