चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत मतदाताओं को जागरूक करने तथा लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को भदेसर स्थित प्रसिद्ध असावरा माताजी के पवित्र सरोवर घाट पर ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ‘पहले मतदान फिर दीपदान’ के संदेश के साथ दीपदान, रंगोली सजावट एवं मतदाता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
दीपदान कर शत-प्रतिशत मतदान का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान सरोवर की पाल पर सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही आकर्षक रंगोली सजाई गई तथा मतदाता रैली निकालकर आमजन को आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
नवमतदाताओं का किया सम्मान, दिलाई मतदान की शपथ
ब्लॉक स्वीप प्रभारी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपूत ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। इस दौरान सभी को मतदान की शपथ दिलाई गई तथा नवमतदाताओं को उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया।
लोकगीतों के माध्यम से किया जागरूक
कार्यक्रम में ब्लॉक के शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। लोक कलाकार पारस टेलर ने अपने मतदान जागरूकता गीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य पंकज कुमार शर्मा, एबीडीओ जगदीश चावला, बालकृष्ण शर्मा, सहायक हजारीलाल, जिला स्वीप टीम से राजेंद्र कुमार व्यास, सुनील काखानी, पारस टेलर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पारस टेलर ने किया।