मनासा। बाल अधिकारों के व्यापक प्रचार प्रसार व बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम हेतु संस्था जन साहस द्वारा एसबीआई फाउंडेशन व एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से मनासा के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गयी! कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा बच्चों को बाल सुरक्षा संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
संस्था सदस्य समीर मंसूरी द्वारा बच्चों को बाल मजदूरी, बाल अधिकार व बाल विवाह के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
परामर्शदाता अनीता दुर्गज द्वारा बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षित स्पर्श व असुरक्षित स्पर्श, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम एवं पोक्सो एक्ट 2012 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी! उन्होंने बच्चों को जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांशतः बच्चों को सुरक्षित स्पर्श और असुरक्षित स्पर्श के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं होती है और इसी का फायदा उठाकर अपराधी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर लैंगिक शोषण की घटनाओं को अंजाम देते है! बच्चों के साथ होने वाली इस प्रकार की घटनाओं का दुष्प्रभाव उनके आगामी पूरे जीवन को प्रभावित कर देता है।
संस्था सदस्य आशुतोष कछावा द्वारा बच्चों को साइबर सुरक्षा संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में संस्था प्रतिनिधियों द्वारा बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचने हेतु विभिन्न आवश्यक उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई व साथ ही सहायता हेतु पुलिस के 112 नम्बर या चाइल्ड हेल्प लाईन नंबर 1098 पर तत्काल फोन लगाकर सूचना देने की जानकारी दी गई।
उपरोक्त हेल्प लाइन नम्बर पर सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता व पहचान पूर्णतः गोपनीय रखकर बच्चे की मदद की जाती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों व स्कूल स्टाफ को शिक्षण सामग्री व विद्यालय प्रबंधन को खेल सामग्री (बैडमिंटन-किट) भी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
उक्त कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा के प्रभारी प्राचार्य प्रियंका चौहान व जन साहस संस्था से परामर्शदाता अनिता दुर्गज, सदस्य समीर मंसूरी एवं आशुतोष कछावा सहित विद्यालय स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं द्वारा सहभागिता की गयी। कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया व उपस्थित प्रतिभागियों का आभार अनिता दुर्गज ने माना।