कुकड़ेश्वर। नगर के भारत माता चौराहे एवं कुकड़ेश्वर-मनासा मार्ग पर मुख्य सड़क के किनारे की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। सड़क का निचला हिस्सा पूरी तरह उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गया है। इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया एवं चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। वहीं, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब एक वर्ष से सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। समय के साथ गड्ढों की संख्या बढ़ती जा रही है और सड़क लगातार जर्जर होती जा रही है।
बस स्टैंड से लगा मुख्य मार्ग होने के कारण यहां दिनभर आवागमन का दबाव बना रहता है। ऐसे में त्योहारों के सीजन को देखते हुए सड़क की मरम्मत करवाना और गड्ढों को भरना बेहद आवश्यक हो गया है।
नगर के मुकेश, दिलीप, ललित सहित अन्य नागरिकों ने नगर परिषद से मांग की है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत माता चौराहे एवं कुकड़ेश्वर-मनासा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का शीघ्र सुधार करवाया जाए, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके