कुकड़ेश्वर। नगर में इन दिनों आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर झुंड बनाकर घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण लोगों में भय का माहौल है। स्थिति यह है कि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी इन कुत्तों से बचकर निकलना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई स्थानों पर आवारा कुत्ते अचानक बाइक सवारों, साइकिल चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के पीछे दौड़ पड़ते हैं। इससे वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने और सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहारों के बीच बढ़ी परेशानी, बाजारों में भी भय का माहौल
त्योहारी सीजन के चलते नगर के बाजारों और मोहल्लों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में आवारा कुत्तों का झुंड में घूमना नागरिकों की चिंता और बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग
नगरवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए नियमानुसार प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान देकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चे, बुजुर्ग और आम राहगीर बिना किसी भय के आवागमन कर सकें।