मुरैना। दीपावली के त्योहार से पहले दूध और दुग्ध पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को टीम ने महाराजपुर स्थित अर्पिता डेयरी पर कार्रवाई करते हुए 300 किलो मावा जब्त किया। जब्त मावे की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता और दिनेश निम की टीम ने डेयरी में भंडारित मिश्रित दूध और मावे की रैपिड टेस्टिंग की। इसके साथ ही दूध और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी में मिले 300 किलो मावे को जब्त कर लिया है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट से ही दूध और मावे की गुणवत्ता तथा उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।