नीमच। पालसोडा और भंवरासा के बीच सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान राधेश्याम पिता नाथूलाल मालवीय, निवासी पालसोडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राधेश्याम नीमच से अपने गांव पालसोडा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में थार वाहन क्रमांक एमपी 13 जीएस 7756 ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक बुजुर्ग को करीब 100 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वाहन चालक का नाम फिलहाल अज्ञात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।