नीमच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नीमच में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान नेताओं को नमन किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए देश के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक निर्णयों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों नेताओं का योगदान भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने तथा दोनों महान नेताओं के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।