शुजालपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में ‘एक दौड़ राष्ट्रीय एकता के लिए’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
महाविद्यालय से दुर्गा मंदिर तक निकली एकता दौड़
कार्यक्रम का शुभारंभ जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर चौराहे से हुआ। एकता दौड़ दुर्गा मंदिर तक पहुंची और वहां से वापस महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण, सामूहिक वंदे मातरम् का गायन
दौड़ के समापन के बाद महाविद्यालय परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन किया।
मंत्री परमार ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री इंदर सिंह परमार ने विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए नागरिकों को एकजुट रहने और देश की अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।