BIG NEWS : ऑपरेशन सुदर्शन चक्र- 2 का बड़ा वार, 5 साल से फरार एनडीपीएस का इनामी आरोपी गिरफ्तार, मंदसौर पुलिस को चकमा देने वाला 2000 का इनामी अपराधी चित्तौड़गढ़ डीएसटी के हत्थे चढ़ा, पढ़े रेखा खाबिया की खबर
चित्तौड़गढ़। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत जिला विशेष टीम (DST) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे 2000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार अभियान के तहत एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में साइबर सेल के एएसआई राजकुमार तथा कांस्टेबल देवेंद्र, वीरेंद्र और शीशपाल शामिल थे। पुलिस थाना कोतवाली, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) में वर्ष 2021 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में आरोपी कमल कीर पिता कैलाश कीर निवासी कल्याणपुर, थाना कोतवाली निंबाहेड़ा लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंदसौर द्वारा 2000 का इनाम घोषित किया गया था। विशेष टीम ने लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।