BIG NEWS : सेवा संकल्प अभियान के तहत लखमा खेड़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री भूरिया ने कहा- बच्चे देश का भविष्य, उनकी उचित देखभाल सबकी जिम्मेदारी, पढ़े रवि पोरवाल की खबर
मंदसौर। बच्चों की उचित देखभाल और पोषण हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके पोषण और स्वास्थ्य में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यह बात प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लखमा खेड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कही। कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका गिरी गोस्वामी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी सहित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे एवं उनकी माताएं उपस्थित रहीं। बच्चों के साथ माताओं के स्वास्थ्य पर भी ध्यान जरूरी- प्रभारी मंत्री भूरिया ने कहा कि बच्चों को बेहतर पोषण और उचित देखभाल मिले, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों की देखभाल में माता के साथ परिवारजनों और पिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि माताओं के स्वास्थ्य का भी समुचित ध्यान रखा जाना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ माता से ही स्वस्थ शिशु का विकास संभव है। उन्होंने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया तथा संदेश का प्रसारण भी किया गया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि बच्चों की समुचित देखभाल चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की देखभाल और पोषण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान- कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रमाकांता शर्मा, सहायिका श्यामा बाई, कार्यकर्ता मालवी, लाड़ली बहना अनीता निनामा, पोषण सखी नैना, सहयोगिनी कलाबाई तथा सुपोषण दल की पायल को सम्मानित किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता बच्चों पृथ्वीराज, मंगलेश और सृष्टि को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। लाड़ली बहना एवं लाड़ली लक्ष्मी बालिका ने अपनी सफलता की कहानी का प्रस्तुतीकरण किया। स्वास्थ्य जांच शिविर और निक्षय मित्र किट का वितरण- कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री ने टीबी रोगियों को निक्षय मित्र किट भी वितरित किए। इसके साथ ही लखमा खेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में प्रभारी मंत्री भूरिया ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।