नीमच। एडीएम नेहा मीना ने शुक्रवार को जावद क्षेत्र के सुप्रसिद्ध पर्यटन केंद्र कामा कीरता जलाशय का अवलोकन कर पर्यटन की सम्भावनाओं का जायजा लिया। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना, एडीपीसी प्रलय उपाध्याय एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
एडीएम मीना ने कामा कीरता जलाशय के आसपास टेलीस्कोप के जरिये बर्डवाचिंग की व्यवस्था का जायजा भी लिया। उन्होने कहा, कि कामा कीरता में प्राकृतिक सौंदर्य की कोई कमी नहीं है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं है। उन्होने कहा, कि कामा कीरता को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास पर्यटन परिषद के माध्यम से किया जावेगा।
उल्लेखनीय है, कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। परिषद की गत दिनों सम्पन्न बैठक में वन विभाग द्वारा दिसंबर तथा जनवरी माह में जिले के विभिन्न जलाशयों के आसपास लगभग 250 प्रजाति के साइबेरियन पक्षियों के आने के बारे में अवगत कराया गया था।