नीमच। मां बाप अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अपने से दूर रख कर बड़ा त्याग करते हुए छात्रावास भेजते हैं। बच्चे बड़े होकर अपने मां-बाप को और मातृभूमि को कभी ना भूले। यह हिदायत महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने आज अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र छात्राओं को दी। महामहिम राज्यपाल ने गरिमामयी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जहां अज्ञानता और व्यसन होगा वहां गरीबी होगी। जीवन में सुख दुख आता रहता है उसे सहन करके आगे बढ़ते रहो। पीएम मोदी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजना बनाई है। भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव चल रहा है, लेकिन बहुत से बच्चों को देश के महापुरुषों के बारे में ज्ञान नहीं है। भारत सरकार की नई शिक्षा नीति में गांव की भाषा में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रावधान किया गया है। बच्चे देश की गरिमा बढ़ाने के लिए काम करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल का व्यक्तित्व अनूठा है। आपने राजनीतिक सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में समर्पित होकर सेवाएं दी है। गुजरात में बेटी बचाओ और मध्य प्रदेश में प्राकृतिक खेती और धरती बचाओ अभियान मैं आप की अहम भूमिका रही है। काबीना मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि राज्यपाल प्रदेश के एक एक जिले का दौरा कर रहे हैं। अंत्योदय से लेकर आत्मनिर्भर भारत की यात्रा की टीम के सदस्य रहे हैं। नीमच में 2 साल में 140 नई फैक्ट्री का काम शुरू होने की बात भी सकलेचा ने कही। स्वागत उद्बोधन विधायक दिलीप सिंह परिहार ने दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल के कर कमलों से मुख्यमंत्री हितग्राही योजना के लाभार्थियों, निर्माण श्रमिक योजना के हितग्राहियों को टोकन राशि वितरित की गई। अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत भी राशि प्रदान की गई। छात्रावास योजना की छात्र-छात्राओं को स्पोर्ट्स किट भी दिए गए। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगान से किया गया। तत्पश्चात राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने सरस्वती पूजन किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत गाए। मंचासीन अतिथियों द्वारा राज्यपाल का स्वागत तुलसी का पौधा, रामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, जनपद अध्यक्ष शारदा बाई धनगर, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा मंचासीन रहे। संचालन राजेश पाटीदार ने किया। आभार सीईओ गुरु प्रसाद ने व्यक्त किया।