चित्तौड़गढ़। आमजन की जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए त्रि स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत गुरुवार को डीओआईटी के वीसी कक्ष में जिला कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई की गई। आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए आयोजित जनसुनवाई के तहत सभी जिला स्तरीय अधिकारी डीओआईटी के वीसी कक्ष में उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने एक-एक कर परिवादियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अतिक्रमण, पट्टा, कार्यों की गुणवत्ता सहित सरकारी विभागों से संबंधित आमजन की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनने और यथाशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना में बने मकानों की निर्माण गुणवत्ता की जांच हेतु पीडब्ल्यूडी की जांच समिति बनाकर रिपोर्ट देने को कहा। जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से संपर्क पोर्टल खोलकर शिकायतों को देखें एवं समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर गीतेश मालवीय, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (भू अवाप्ति) शैलेश सुराणा सहित नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, शिक्षा, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।