नीमच। नए नए प्रयोग करने वाले प्रयोग धर्मी, मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा क्षेत्र के लिए जो काम किया है वह अनुकरणीय है। शिक्षा के क्षेत्र में जावद के बच्चों को जापान भेजना एवं आम आदमियों के स्वास्थ्य की चिंता कर उनका निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करवाना यह अनुकरणीय पहल है।
महामहिम राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मैंने उनकी गुजरात की कैबिनेट मंत्री के तौर पर काम किया था, उनकी सोच और उनकी विषय के बारे में जानकारी जबरदस्त है जो जानकारी हम मंत्रियों के पास नहीं थी उनके पास थी। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहा कि शासन का काम है आम लोगों की सेवा करना और इसी काम को मूर्त रूप देने के लिए ओमप्रकाश सकलेचा लगे हुए हैं। सकलेचा ने डिजिटल शिक्षा एवं लोगों की सभी बीमारियों के टेस्ट निशुल्क रुप से करवाना निश्चित रूप से बड़ी सोच है। आम लोगों की सोच के अनुरूप तथा आम लोगों लिये जन कल्याणकारी योजना बनाना तथा उसके लिए नए नए प्रयोग करना यह सकलेचा इसके एक उदाहरण हैं।
मप्र के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल नीमच जिले के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। इसके अंतर्गत आज वे नीमच जिले की जावद एव अठाना गांव पहुंचे। जहाँ वे एक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों से और उनकी माताओं से रूबरू हुए। यहां पर महामहिम राज्यपाल ने बच्चों को फल बांटे और उनसे चर्चा भी की। साथ ही प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना के पात्र बच्चों के साथ माताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किये। केंद्र और राज्य की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। राज्यपाल मंगूभाई ने इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली व दिशा निर्देश भी दिए। इसके अलावा जावद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को अपना रहे विद्यार्थियों से एक-एक कर चर्चा कर उनकी हौसला अफजाई की। इस दौरान केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा सहित जिले के विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल मंगूभाई ने कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटित मकान पर पहुंच कर हितग्राही परिवार के साथ भोजन किया। एसडीएम शिवानी गर्ग ने महामहिम राज्यपाल एवं आगंतुकों को भोजन परोसा। राज्यपाल ने बाद में जावद में स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। मरीजों से भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री आवास में एसडीएम ने परोसी थाली-
महामहिम राज्यपाल ने अठाना में प्रधानमंत्री योजना अंतर्गत जोशी परिवार के यहां मंत्रोच्चार के साथ भोजन किया। भोजन में परिवार जनों के साथ जावद एसडीएम शिवानी गर्ग ने भी परिजनों का हाथ बंटाया और खुद अपने हाथों से महामहिम राज्यपाल एवं अन्य मेहमानों को भोजन सर्व किया। राज्यपाल के साथ भोजन पाकर परिवार जन गदगद थे। परिवार जनों का कहना था कि यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि एक गरीब परिवार के घर में आकर महामहिम ने भोजन किया हम धन्य हो गए।
रामानुज सत्संग समिति की महिलाओं से मिले राज्यपाल-
नगर की प्रमुख सत्संग समिति रामानुज सत्संग समिति की महिलाओं से राज्यपाल मंगू भाई पटेल मिले। उन्होंने महिलाओं से मिलकर चर्चा कि किस प्रकार से समिति का संचालन किया जाता है तथा समिति के संचालन में किन-किन साधन संसाधन की जरूरत लगती है तथा भजन गायक के समय कौन लोग भजन कीर्तन करते हैं अब क्षेत्र के विकास के लिए भी भजन कीर्तन और भगवान को मनाना चाहिए ऐसा राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने समिति की महिलाओं को कहा।
300 समूह को दिए वाद्य यंत्र-
कार्यक्रम में क्षेत्र की 300 भजन मंडलियों को वाद्य यंत्र दिए गए। जिसमें, ढोलक, माइक, वाद्य यंत्र तथा स्पीकर दिए।
लाडली लक्ष्मीयों को दिया आशीर्वाद-
महामहिम राज्यपाल ने लाडली लक्ष्मी से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया और शासन की योजना की राशि भी दी गई।
पूरे कार्यक्रम के दौरान नीमच कलेक्टर मयंक अग्रवाल, एसपी सूरज वर्मा, जावद जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम काबरा, अठाना नगर परिषद अध्यक्ष रिंकी जैन उपस्थित रहे।