नीमच। मध्यप्रदेश के किसानों पर इस बार मौसम कहर बरपा रहा है। मार्च माह की शुरूआत से ही मौसम के लगातार बदलाव के चलते कई जिलों में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तेज बारिश व ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें चौपट हो गई है। अब एक बार और मौसम का बदला रूख किसानों की चिंता का कारण बना हुआ है।
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को भी मौसम बदला हुआ है। नर्मदापुरम में शुक्रवार सुबह से रिमझिम बारिश जारी है। भोपाल के कोलार क्षेत्र में सुबह 10 बजे बूंदाबांदी हुई। दोपहर होते-होते सागर के ग्रामीण अंचलों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसके अलावा नीमच, भिंड, मुरैना, अनूपपुर, शिवपुरी, मंदसौर, श्योपुरकलां, हरदा, विदिशा, रायसेन में भी शाम को हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही सिंगरौली में ओले गिरे। अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से जय सिंह पिता बजारू की मौत हो गई।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी एक-दो दिन मौसम बदला-बदला सा रहेगा। मार्च में सातवां वेदर डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से प्रदेश के कई शहरों में हल्की बूंदाबांदी होगी। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने और चमकने की भी संभावना है। नीमच, मंदसौर व रतलाम में आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश होगी।