रतलाम। प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अप्रैल को रतलाम आ रहे हैं। इसके पहले सीएम नगरीय निकाय चुनाव में आए थे, तब उन्होंने रोड-शो और धानमंडी चौराहे पर आम सभा कर चार प्रमुख वादे किए थे। उनमें से एक विभाजित भूखंड को बिल्डिंग परमिशन दिलाने का वादा पूरा होना दूर, अभी कार्रवाई तक शुरू नहीं हो पाई है। विधायक चेतन्य काश्यप की देखरेख में तैयारियों शुरू हो गई हैं। अब तक तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम हवाई मार्ग से आएंगे। डोसीगांव में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन होगा, जिसमें वे लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों से चर्चा करेंगे।
इसके बाद कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर गोल्ड कॉम्प्लेक्स योजना की आधारशिला रखेंगे। इसमें गोल्ड कॉम्प्लेक्स के अलावा, 300 बेड का जिला अस्पताल भवन, 1000 सीट का ऑडिटोरियम, 47 सरकारी क्वार्टर का निर्माण भी होना है। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम ठेकेदार कंपनी समदड़ियां ग्रुप ही करवा रहा है। इसके अलावा सड़क व अन्य विकास कार्यों की नींव भी रखेंगे। कॉलेज ग्राउंड में ही सीएम प्रबुद्धजनों से मिलेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम बन रहा है वही सूत्रों की माने तो जावरा को जिला बनाने की घोंषणा हों सकती है।