खरगोन। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त ईदगाह बेडी सनावद के 20 वर्षीय भारत पिता राजू कौषल को 1 वर्ष के लिए जिला बदर किया है। भारत अपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहकर लोगों से मारपीट, गाली गलोंच, छेड़खानी, चोरी, साम्प्रदायिक झगड़े सहित कई जघन्य अपराध करने का आरोपी है। आरोपी भारत के विरूद्ध थानों में अब तक 14 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए है। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपी भारत को कलेक्टर वर्मा ने मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत आदेश प्राप्ति के 48 घंटे के भीतर आगामी 1 वर्ष के लिए जिला बदर किया है। इस अवधि में भारत खरगोन जिले की राजस्व सीमा तथा समीपवर्ती धार, इंदौर, देवास, खण्डवा, बड़वानी व बुरहानपुर की राजस्व सीमाओं में प्रवेश नहीं करेगा। न्यायालय की पूर्व अनुमति के प्रवेश न करें अन्यथा मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत दण्ड का दायी होगा।