शाजापुर। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत जिले में 23 से 60 तक की आयु की महिलाओं के भरवाए जा रहे आवेदन फॉर्म के संबंध में आज जिले की सभी नगरीय क्षेत्रों एवं सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर दिनेश जैन द्वारा समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी नीलम चौहान, इण्डिया पोस्ट पेमेंट बैंक मैनेजर दिपेश लोखण्डे, जन अभियान परिषद जिला समन्वयक विष्णु नागर, एनआरएलएम प्रबंधक प्रतिभा जैन, ई-गवर्नेंस मैनेजर बिरमसिंह सोंधिया सहित वर्चुअल रूप से अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगरपालिका सीएमओ भी मौजूद थे।
कलेक्टर जैन ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत सभी पात्र महिलाओं के आवेदन फॉर्म भरवाने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में प्रगति कम है वहां का अधिकारीगण भ्रमण करें और आवेदन फॉर्म भरने में आ रही समस्याओं को देखकर मौके पर ही निराकरण करवाएं। साथ ही उन्होंने पटवारी, जीआरएस, आरआई, जन अभियान परिषद, जनप्रतिनिधिगण आदि के माध्यम से भी उक्त योजना के फॉर्म भरवाने में मदद लेने के लिए कहा। उन्होंने नगरपालिका सीएमओ को वार्डवार कैम्प आयोजित करने तथा ऑपरेटर्स की संख्या बढ़ाने के लिए निर्देश दिये। कलेक्टर जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत भरवाए जा रहे आवेदन फॉर्म के साथ ही डीबीटी इनेबल्ड फॉर्म भी महिलाओं से भरवाएं। इसके लिए संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक की मदद लें। उन्होंने स्वसहायता समूहों की पात्र महिलाओं के आवेदन फॉर्म भरवाने के लिए एनआरएलएम विभाग की प्रबंधक जैन को निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त लक्ष्यानुसार निर्धारित समयसीमा में आवेदन फॉर्म भरवाने हेतु निर्देशित किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ टैगोर ने भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के आवेदन फॉर्म भरवाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
नया खाता खुलवाएं-
इस मौके पर इण्डिया पोस्ट पेमेंट बैंक मैनेजर दिपेश लोखण्डे ने बताया कि जिन महिलाओं के डीबीटी इनेबल्ड खाते नहीं है, वे पोस्ट ऑफिस के पोस्टमैन की सहायता से डीबीटी इनेबल्ड खाते खुलवा सकते हैं। वर्तमान में जिले में 101 पोस्टमैन के द्वारा उक्त कार्य किया जा रहा है।