नीमच। मध्यप्रदेश में बेमौसम हो रही बारिश का दौर अब थमने वाला है। मौसम विभाग ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। मौसम विभाग की मानें मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से गर्मी बढ़ने वाली है। दरअसल 3 अप्रैल को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के अधिक मजबूत ना होने की स्थिति में बारिश की संभावना से इनकार किया गया है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में फिर से सूर्य की तपिश बढ़ेगी। साथ ही लोग गर्मी का अनुभव करेंगे। कुछ क्षेत्रों में लू चलने का पूर्वानुमान भी जताया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस बार मार्च महीने में किसानों पर मौसम ने कहर बरपाया है। मार्च माह की शुरूआत से ही मौसम के लगातार बदलाव के चलते कई जिलों में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तेज बारिश व ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें चौपट हो गई है। मार्च के अंत में भी सातवां वेदर डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से प्रदेश के कई शहरों में तेज बारिश तो कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। नीमच, मंदसौर व रतलाम सहित कई जिलों में इसका असर दिखाई दिया। लेकिन अब मौसम विभाग ने गर्मी बढ़ने के संकेत दिए हैं।