सिंगोली। कस्बे में आगामी त्योहारों खासकर महावीर जयंती और हनुमान जयंती को लेकर शनिवार को पुलिस थाने पर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान एसडीओपी राम तिलक मालवीय ने उपस्थित रहकर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इससे पूर्व थानाधिकारी कैलाश चंद चौहान ने एसडीओपी मालवीय को कस्बे का पैदल भ्रमण करवाते हुए हनुमान जयंती पर निकलने वाले जुलूस मार्ग का अवलोकन करवाया। भ्रमण के दौरान एसडीओपी ने कस्बे के विभिन्न मार्गाे और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के बारे में भी जानकारी ली।
प्रदेश शासन के आदेश और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार बुलाई गई बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और आयोजन समितियों के सदस्यों से कार्यक्रम संबंधित जानकारियां ली गई, तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन और कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ मनाए जाने की अपील की गई।
बैठक में एसडीओपी रामतिलक मालवीय के अलावा, थाना प्रभारी के सी चौहान और सीएमओ प्रमोद जैन के साथ ही वरिष्ठ जन, निर्मल सकुनिया, बाबूलाल शर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद जमील मेव, अंजुमन कमेटी के सदर डॉ रईस खान, राजकुमार मेहता, हरीश शर्मा, पार्षद राजेश भण्डारी, अशोक सोनी भाया, धीरज मोटानाक सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं शांति समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।