खरगोन। गत दिवस नगर स्थित निजी कॉलोनी में बिजली विभाग का कार्य कर रहे श्रमिक खेलतिराम डावर के साथ अचानक हादसा हुआ। इस हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। मगर उनको बचाया न जा सका। उनकी मृत्यु के बाद प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को तुरंत 5000 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की गई।
एसडीएम ओएन सिंह ने बताया कि कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा के आदेश पर ठेकेदार द्वारा परिजनों में उनके पिता जुवान सिंह के खाते में 1 लाख 33 हजार रुपये व 1 लाख 50 हजार, माता बानुबाई के खाते में 1 लाख 33 हजार व 1 लाख 50 हजार तथा मृतक की पत्नी रामबीबाई के खाते में 1 लाख 34 व 1 लाख 50 हजार रुपये के चेक प्रदान किये गए। जबकि 50 हजार रुपये की सहायता राशि नकद प्रदान की गई। एसडीएम सिंह ने बताया कि परिजनों को अलग-अलग राशि इसलिए दी गई क्योंकि ठेकेदार के पास इतनी राशि एकमुश्त नहीं होने तथा रविवार होने से बैंक बंद होने से ऐसी व्यवस्था करते हुए सहायता की गई। मृतक की पत्नी को संबल योजना में मृतक का पंजीयन होने से शीघ्र ही 4 लाख रुपये दुर्घटना अनुग्रह सहायता राशि दी जाएगी। वही 3.50 लाख रुपये का बीमा होने से बीमा राशि भी प्रदान की जाएगी। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने इस सहायता राशि के अतिरिक्त निर्देश दिए कि मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन भी प्रारम्भ करें तथा पीएम आवास अगर नही है तो पीएम आवास स्वीकृत की जाए। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा ही मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये और 15 दिनों के भीतर देने के निर्देश दिए है।