नीमच। नगर पालिका के सामान्य प्रशासन विभाग में आग लगने से लाखों की मशीनरी जलकर नष्ट हो गई। शुरुआती तौर पर नजर आ रहा है कि दस्तावेज एवं फाइल को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। आगजनी की घटना में दो लैपटॉप, एक पीसी की स्क्रीन, प्रिंटर, एक यूपीसी जलकर खाक हो गए। वहीं फोटोकॉपी की मशीन को भी नुकसान पहुंचा है।
नगर पालिका अधिकारी महेश रामानी ने बताया कि संभवत कार्यालय में लगे वॉल फैन में हुए स्पार्किंग या शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। उन्होंने कहा कि एसडीएम और पुलिस को जानकारी दी जा चुकी है। घटना होने के बाद प्रातः 9 बजे तक नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा और सीएमओ गरिमा पाटीदार नगरपालिका नहीं पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका के कार्यालय चौकीदार ने सुबह 7 बजे ओएस महेश रामानी को सूचना दी कि ऑफिस में से धुआ निकल रहा है। जिस पर महेश रामानी तुरंत कार्यालय पहुंचे और ताला खोलकर देखा तो कार्यालय के रूम में धुंआ पसरा हुआ था और मशीनरी जली पड़ी थी।उन्होंने तुरंत जिम्मेदारों को सूचना दी। अंदाजा लगाया जा रहा है की आग मध्य रात्रि में लगी होगी। नगर पालिका कार्यालय में चूहे भी बड़ी संख्या में है।
बताते चलें कि नगर पालिका नीमच में पूर्व में भी आगजनी की घटना हो चुकी है। लेकिन पहले भी कागज संबंधी अभिलेख जलने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। नगर पालिका के सामान्य प्रशासन विभाग में आग से बचाव हेतु सुरक्षा उपकरण भी मौजूद होना बताया गया। आग लगने का ठोस कारण तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा। ओएस रामानी ने कहा कि किसी भी प्रकार के डेटा या रिकॉर्ड और दस्तावेजों का नुकसान नहीं हुआ है।