नीमच। आज सीआरपीएफ नीमच बैंड द्वारा शौर्य दिवस के उपलक्ष में स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धाओं को समर्पित राष्ट्र भक्ति के गीतों पर धुन बजाकर फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर बैंड प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नीमच के नागरिकों ने उपस्थित होकर बैंड प्रदर्शन को खूब सराहा। बताते चलें कि सीआरपीएफ द्वारा 9 अप्रैल शौर्य दिवस के मद्देनजर शौर्य सप्ताह मनाया जा रहा है। 3 अप्रैल 1965 को भारत-पाकिस्तान युद्ध में सीआरपीएफ की सेकंड बटालियन में पाकिस्तान की एक ब्रिगेड को सरदार व टांक पोस्ट पर रण और कच्छ में परास्त कर दिया था। इस विजयोत्सव को चिरस्मरणीय रखने हेतु शौर्य दिवस और शौर्य सप्ताह का प्रतिवर्ष आयोजन किया जाता है।
नीमच में सीआरपीएफ बैंड द्वारा फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुन बजाकर वीर अमर शहीदों को याद किया गया। सीआरपीएफ बैंड का प्रदर्शन बेहद सुंदर और मनमोहक था। 6 अप्रैल को सरदार गेट पर एक बार और बैंड प्रदर्शन का आयोजन होगा। 9 अप्रैल को सीआरपीएफ में शहीदों को पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। बैंड प्रदर्शन के दौरान डीआईजी एसएलसी खूप,उप कमांडेंट देवेंद्र सिंह नेगी, इंस्पेक्टर महेश कुमार विश्वकर्मा, सीआरपीएफ के अधिकारीगण और जवान मौजूद रहे। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मोहन राणावत,तरुण बाहेती, विनीत पाटनी और गणमान्य नागरिक भी प्रदर्शन के दौरान सम्मिलित रहे।