मुरैना। पूर्व विधायक गजराज सिंह एवं क्षत्रिय महासभा ने पीएचई व पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को सैकड़ाें लोगों के साथ पीएचई दफ्तर के बाहर धरना देकर बैठ गए। इस दौरान पीएचई के साथ-साथ पुलिस थानों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
सुमावली के पूर्व भाजपा विधायक गजराज सिंह ने कहा कि मोधनी सामंत मझरा की अनुसूचित जाति बस्ती में बोर हो रहा था। 100 फीट बोर खनन हो गया, इसके बाद एक नेता के कहने पर पुलिस ने बोरिंश मशीन को जब्त कर थाने में रख लिया।गजराज सिंह ने यहां के एक नेता पीएचई मंत्री बने तो ट्रैक्टर-ट्रालियों में पीएचई का सामान भरकर ले गए। उन्होंने कहा कि ऐदल-उम्मेदा नाम से मशहूर लोगों ने पीएचई को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। स्कूलाें में पीएचई द्वारा बनवाई गई पानी की टंकियां ढहने से दो मासूम बच्चाें की मौत हो चुकी है। अगर जांच हो तो 20 ठेकेदार व पीएचई के सभी इंजीनियर जेल जाएंगे। पुलिस थानों पर बरसते हुए कहा कि एक थाना प्रभारी है जयपाल गुर्जर जो एसपी की भी नहीं सुनता। जब यह देवगढ़ में थाना प्रभारी था तब राजस्थान से चोर गिरोह आते, जिन्हाेंने क्षेत्र में 42 चोरियां कीं। गजराज सिंह ने कहा कि बच्चू सिंह जैसे राशन माफिया ने सुमावली में गरीबों के लिए आया 120 क्विंटल राशन बाजार में बेच दिया। प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। हेतमपुर के श्रीराम गुर्जर ने मेथाना रोड पर जमीन खरीदी। इस जमीन को चित्रसिंह नाम का दबंग जबरन खरीदना चाहता था। जब श्रीराम ने नहीं बेची तो उसके खेत में खड़ी सरसाें चित्रसिंह ने काट ली। श्रीराम सरायछौला थाने में गया ताे पुलिस ने उसे तब तक बैठाए रखा जब तक चित्रसिंह पूरी सरसों काटकर नहीं ले गया। इस धरना प्रदर्शन में क्षत्रिय महासभा के गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि अवैध रेत के नाम पर जौरा, कैलारस में ट्रैक्टर-ट्राली पकड़े जा रहे, मुरैना में क्यों नहीं पकड़ता प्रशासन।धरना प्रदर्शन में 150 से ज्यादा लोग शामिल थे।