आगर मालवा। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया बुधवार को आगर-मालवा जिले के प्रवास के दौरान कानड़ में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजनान्तर्गत आयोजित शिविर में पहुंची, जहां प्रभारी मंत्री सिंधिया ने स्वयं लाडली बहनों के फार्म भरें तथा आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कर पावती प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने लाडली बहनों को हर घर आंगन सुरजना अभियान में सुरजने के पौधें भी भेंट किए।
महिलाओं के जीवन में आएगा बदलाव-
प्रभारी मंत्री सिंधिया ने शिविर में उपस्थित महिलाओं को योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजना में प्रतिमाह 01 हजार रुपए की राशि लाडली बहनों को मिलेगी, जिससे उनके जीवन में बदलाव आएगा। योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महिलाओं के हित में लिए गए इस निर्णय से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होगी तथा पहले से अच्छा जीवन यापन कर सकेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, पूर्व विधायक गोपाल परमार, लालजीराम मालवीय, सांसद अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरूसिंह चौहान, करण सिंह यादव, गोविंद सिंह बरखेड़ी, दिनेश परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।