शाजापुर। जिला सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में बेस्ट परफारर्मेन्स देते हुए ऊंचाईयों को छुएगा ऐसा प्रयास करेंगे। यह बात नवागत कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान कही।
कलेक्टर कन्याल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेल गतिविधियों पर फोकस रहेगा। साथ ही स्वच्छता को महत्व दिया जायेगा और उसमें जनभागीदारी को शामिल किया जायेगा। जनभागीदारी के साथ कार्य करने से कार्यों की गुणवत्ता अच्छी होती है और आमजन भी अपनी सहभागिता के कारण कार्यों पर नजर रखते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में शहर को सुन्दर बनाने, रोड मार्किंग एवं संकेतक लगाए जायेंगे, ताकि शहर में प्रवेश करने वाले व्यक्ति को इसकी सुखद अनुभूति हो। इसी तरह पर्यटन योग्य स्थलों को भी विकसित किया जायेगा। जिले में रोजगारमूलक योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्राथमिकता रहेगी। जिले में कानून एवं व्यवस्था पर भी नजर रहेगी। विकास के लिए सभी विभागों को अपनी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए समय-समय पर मोटिवेट भी किया जायेगा। वृक्षारोपण के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को वृक्ष लगाने एवं उसकी लगातार तीन वर्ष तक देखभाल करने के लिए भी प्रेरित करेंगे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे शाजापुर के विकास एवं जनजागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा ध्यान में लाए गए विषयों का भी सजगता के साथ निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया के पास यदि जिले के विकास के संबंध में कोई भी विचार या परिकल्पना हो तो वे अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि मीडिया से सुझाव प्राप्त होने पर खुशी होगी।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों ने पर्यटन योग्य स्थलों सहित विभिन्न गतिविधियों और कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।