मुरैना। दिल्ली के कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को मुरैना में आई एक टीम ने किसान कंपनी के नाम से नकली पाइप बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। इसके अलावा एक दुकान पर भी छापामार कार्रवाई की है। दोनों जगह करोड़ों रुपये के नकली पाइप मिले हैं। उक्त टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया है।
दरअसल, किसान पाइप नाम से पाइप बनाने वाली कंपनी किसान इरीगेशन एण्ड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में शिकायत की थी। कि मुरैना जिले में किसान कंपनी के नाम से कुछ फैक्ट्री नकली पाइप बना रही हैं। वहीं दुकानदार इन नकली पाइपों को असली किसान कंपनी का बनाकर बेच रहे हैं। इसके बाद दिल्ली के साकेत कोर्ट द्वारा भेजी गई टीम ने पुलिस के साथ मुरैना के लश्करीपुरा क्षेत्र में चल रही एमआइ पीवीसी पाइप कंपनी पर छापामार कार्रवाई करने पहुंची तो यहां के मैनेजर व मालिक भाग निकले। 20 मिनट तक फैक्ट्री का मुख्य गेट नहीं खोला तो टीम के कुछ सदस्य दीवार फांदकर अंदर गए। यह फैक्ट्री मुरैना के बसंत अग्रवाल की बताई गई है, जिसमें किसान कंपनी के प्रिया, जेडएक्स, ध्रुवा, एक्वा, एक्वा गोल्ड ब्रांड के नाम से नल के पाइप से लेकर सिंचाई व नलकूप की केसिंग तक के पाइपों का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पाइप बनते और भारी मात्रा में किसान नाम से नकली पाइपों का स्टाक पकड़ा है। इस फैक्ट्री में ढाई करोड़ रुपये के पाइप थे। टीम ने पाइपाें सहित फैक्ट्री को सील कर दिया है।इस फैक्ट्री में पाइपों पर किसान नाम के ब्रांड का ठप्पा लगाने वाली डाईयां भी भारी मात्रा में बरामद की हैं। यहां के बाद टीम मुरैना शहर के लोहिया बाजार में मोदी मशीनरी स्टोर पर पहुंची, यहां भी नकली किसान पाइपाें का भंडार मिला। यहां मिले किसान कंपनी के नकली पाइपों को एक जगह सील किया गया है।