नीमच। मध्यप्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। एमपी के कई जिलों में शुक्रवार को तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं अधिकतर जिलों के आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने ऐसा ही मौसम शनिवार को भी कई जिलों में रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में चक्रवात एक्टिव होने और ट्रफ लाइन के गुजरने के कारण 15 अप्रैल तक एमपी के कई शहरों में बूंदाबांदी होती रहेगी। आंधी भी चल सकती है। इस कारण एक सप्ताह यानी 15 अप्रैल तक तेज गर्मी नहीं पड़ेगी। जबलपुर, रीवा, शहडोल संभाग में बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, भोपाल संभाग में भी कहीं-कहीं बौंछारें गिर सकती हैं। इसका असर नीमच, मंदसौर व रतलाम जिले में भी देखने को मिलेगा।