भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर कोरोना तेजी से अपने पैर पसार रहा है। शनिवार को प्रदेश में 32 नए केस सामने आए हैं। सबसे ज्यादा मामले राजधानी भोपाल में 16 नए केस के रूप में सामने आए। जबकि आर्थिक राजधानी इंदौर में 7 नए संक्रमित मिले हैं। इनके साथ ही राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 200 के पार हो गया है। भोपाल में एक्टिव केस की संख्या 113 दर्ज की गई है, जो प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड मरीजों की संख्या का 56 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य संचालनालय की कोविड रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 490 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 32 सैंपल कोविड पॉजिटिव निकले। राज्य की कोविड पॉजिटिविटी का प्रतिशत 6.5 हो गया है। जो इस साल के किसी एक दिन की कोविड पॉजिटिविटी रेट में सबसे ज्यादा है।
78 फीसदी मरीज महानगरों में-
रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कोरोना के कुल 201 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 78 प्रतिशत मरीज प्रदेश के दो बड़े शहर भोपाल और इंदौर में है। कोविड बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश के कुल एक्टिव केस में 56 प्रतिशत भोपाल और 22 प्रतिशत इंदौर में हैं।