मुरैना। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर शनिवार को मुरैना जिला न्यायालय में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजाराम भारतीय के मागर्दशन में आयोजित समाधान आपके द्वार कार्यक्रम में मुरैना जिला न्यायालय में लम्बित राजस्व, वन, पुलिस विभाग तथा विद्युत कंपनी के कुल 1 हजार 882 प्रकरणों का निराकरण किया गया। जिला न्यायधीश एवं जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव कैलाश शुक्ल ने बताया कि समाधान आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन जिला न्यायालय मुरैना सहित तहसील सबलगढ़, अंबाह व जौरा में किया गया। योजनान्तर्गत प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से प्रत्येक थाना क्षेत्र का एक कलस्टर बनाया गया था। राजस्व, पुलिस, विद्युत विभाग, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही पैरालीगल वालेटियर्स का दल प्रत्येक कलस्टर हेतु गठित किया गया था। उक्त दल द्वारा कलस्टर क्षेत्रों में जाकर आमजन को उनके बीच उत्पन्न होने वाले मामलों को आपसी समझौते एवं राजीनामें के आधार पर निराकरण किये जाने के संबंध में प्रेरित करते हुए समाधान आपके द्वार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।