नीमच। प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने घोषित कर दिए हैं। नीमच जिले में परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर आए हैं। परिणाम को लेकर नीमच में छात्र-छात्राओं में काफी उत्सुकता देखी गई। स्कूलों और ऑनलाइन सेंटर पर अपने परीक्षा परिणाम को देखने की चाह में छात्र-छात्राओं की भीड़ इकट्ठा रही।
जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा ने बताया कि कक्षा 10वीं का रिजल्ट 73.3 प्रतिशत रहा, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। वहीं कक्षा बारहवीं का रिजल्ट 73.13 प्रतिशत रहा जोकि पिछले वर्ष की तुलना में 1 प्रतिशत अधिक है। दसवीं कक्षा की स्टेट मेरिट में नीमच जिले की दो छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया है।
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरदिया की प्रतिभा बोराना राज्य स्तर पर सातवें स्थान पर रही वहीं ज्ञान सरोवर हाई स्कूल जीरन की धारणा जैन ने दसवां स्थान राज्य स्तर पर प्राप्त किया है। कक्षा बारहवीं में वाणिज्य समूह की कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावद की छात्रा मनस्वी जैन ने राज्य स्तर पर मेरिट में नौवां स्थान प्राप्त किया है। बताते चलें कि कक्षा 10 में जिलेभर से 6914 छात्र छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिसमें से 5068 उत्तीर्ण हुए। वही कक्षा बारहवीं से 5488 छात्र छात्राओं में से 4008 छात्र छात्राओं ने सफलता प्राप्त की। परीक्षा परिणामों से जाहिर है कि इस बार भी छात्रों की तुलना में छात्राओं ने बाज़ी मारी है।