निंबाहेड़ा। पवित्र हज यात्रा संपन्न कर सकुशल वतन लौटे हाजी जनाब इब्राहिम कुरैशी का निंबाहेड़ा में आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। लगभग 46 दिनों की रूहानी यात्रा के बाद वे 24 अप्रैल 2026 को मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा की यात्रा पूर्ण कर लौटे।
इस अवसर पर उनके निवास इश्काबाद में विशेष नियाज़ का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने शिरकत की। हज खिदमत कमेटी के सदर मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारियों ने साफा बंधवाकर एवं गुलपोशी कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में हाजी इब्राहिम कुरैशी ने हज यात्रा के अनुभव साझा किए तथा देश, प्रदेश और समस्त मानवता की अमन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की। इस दौरान आध्यात्मिकता और सौहार्द का माहौल बना रहा।
हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष चित्तौड़गढ़ जिले से 166 तथा निंबाहेड़ा से 25 हज यात्रियों को पवित्र हज यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सभी हाजी सकुशल अपने वतन लौट आए हैं।
कमेटी द्वारा हज यात्रियों को आवेदन प्रक्रिया, बैंक किश्त जमा, मेडिकल कैंप, दस्तावेजी कार्यवाही, रिपोर्टिंग एवं यात्रा संबंधी मार्गदर्शन सहित विभिन्न सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
टोंक रुबात की सुविधा से मिली राहत
पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष निंबाहेड़ा के सभी 25 हाजियों को मक्का मुकर्रमा स्थित ऐतिहासिक टोंक रुबात में ठहरने की सुविधा मिली। टोंक के नवाबों द्वारा निर्मित इस रुबात में निःशुल्क आवास उपलब्ध होने से प्रत्येक हाजी को लगभग 50 हजार रुपये तक की आर्थिक बचत हुई।
कार्यक्रम के अंत में सभी हाजियों की सकुशल वापसी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें मुबारकबाद दी गई तथा उनकी दुआओं को क्षेत्र के लिए अमन, बरकत और खुशहाली का पैगाम बताया गया।