चित्तौड़गढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर चित्तौड़गढ़ के मार्बल व्यवसायी राजकुमार ओझा एवं उनकी धर्मपत्नी अलका ओझा ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को विशेष बनाते हुए रक्तदान किया और समाज को मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया।
राजकुमार ओझा ने नियमित रक्तदाता के रूप में रक्तदान किया। उनके इस नेक कार्य से प्रेरित होकर उनकी पत्नी अलका ओझा ने भी पहली बार रक्तदान कर इस पुनीत अभियान से जुड़ने की शुरुआत की।
अखिल तेरापंथ ब्लड फाउंडेशन (एटीबीएफ) के अपुल चीपड़ ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ जैसे विशेष अवसरों पर रक्तदान को प्रोत्साहित करने की मुहिम चला रही है। संस्था ऐसे जागरूक दंपतियों का सम्मान करती है, जो अपनी खुशियों के अवसर को जरूरतमंदों के जीवन बचाने के लिए समर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ओझा दंपति ने यह साबित किया है कि सच्ची खुशियां दूसरों के जीवन में उम्मीद और मुस्कान लाने में हैं। एटीबीएफ टीम एवं शहरवासियों ने दंपति को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उनके इस अनुकरणीय कार्य की सराहना की।