मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक आरोपी को उसके ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने का अवसर प्रदान किया। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना अफजलपुर पुलिस की अभिरक्षा में मौजूद एक आरोपी के ससुर का निधन हो गया। मृतक की पुत्री एवं आरोपी की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर बताया कि उसका कोई भाई नहीं है और वह अपने पिता का अंतिम संस्कार अपने पति के हाथों करवाना चाहती है।
महिला के निवेदन को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी अफजलपुर निरीक्षक हरीश को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ आरोपी को उसके गांव पहुंचाया।
पुलिस की मौजूदगी में आरोपी ने अपने ससुर के अंतिम संस्कार में भाग लिया तथा अन्य पारंपरिक रीति-रिवाज भी संपन्न किए। इस दौरान उसे अपने शोकाकुल परिवार से मिलने का भी अवसर दिया गया।
पुलिस की इस मानवीय पहल ने कानून के साथ संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया है।