छिन्दवाडा। कलेक्टर शीतला पटले ने गत दिवस कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सीएम जनसेवा अभियान 2.0 के क्रियान्वयन व सीएम जनसेवा अभियान के अंतर्गत चिन्हांकित की गई सीएम हेल्पलाइन के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की । बैठक में सीएम जनसेवा अभियान के अंतर्गत अभी तक आयोजित शिविरों, चिन्हांकित सेवाओं में अभियान के दौरान विभागवार प्राप्त और पूर्व के लंबित आवेदनों एवं उनके निराकरण की जनपदवार, नगरीय निकायवार और विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित सभी आवेदनों और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण अभियान के दौरान ही करने के निर्देश दिये गये। बैठक में लाडली बहना योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी और डीबीटी एक्टिवेशन कार्य में प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के आवेदनों के विरुध्द 91 प्रतिशत से ऊपर कार्य पूर्ति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और 31 मई के पूर्व शत-प्रतिशत महिलाओं के ई-केवाईसी और डीबीटी एक्टिवेशन एवं दावे आपत्ति निराकरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा एक जून 2023 को लाडली बहना योजना के अंतर्गत अंतिम सूची जारी किया जाना प्रस्तावित है। जिन पात्र महिलाओं का खाता डीबीटी एक्टिव नहीं होगा, उनमें डीबीटी द्वारा हितलाभ हस्तांतरण में तकनीकी समस्या आयेगी, इसीलिए सभी महिलाओं को डीबीटी एक्टिवेशन के लिए प्रेरित करें। बैठक के दौरान जिला स्तरीय और जिला मुख्यालय के अधिकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष से, जबकि फील्ड के अधिकारी अपने-अपने अनुविभाग व विकासखंडों से वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुये।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।