सिंगोली। मिशन लाइफ योजना के तहत रविवार को सिंगोली नगर परिषद अमले ने नगर भ्रमण करते हुए नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान सब्जी मंडी परिसर में गंदगी दिखाई देने पर स्वयं परिषद अध्यक्ष ने झाड़ू लगाया।
बता दें कि इस समय नागरिक स्वास्थ्य के मद्देनजर शासन द्वारा शुरू की गई मिशन लाइफ योजना के तहत प्रथम चरण का नागरिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत साफ सफाई का ध्यान रखने, पॉलिथीन का उपयोग न करने और पीने के पानी के लिए फ्रिज की बजाय मटको का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
रविवार दोपहर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन के साथ नगर भ्रमण पर निकले निकाय कर्मचारियों ने नया बस स्टेंड, तिलस्वां चौराहा और सब्जी मंडी परिसर में जाकर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटल व्यवसायियों और सब्जी विक्रेताओं को साफ सफाई का ध्यान रखने, पॉलिथीन का उपयोग न करने और पीने के पानी के लिए फ्रिज की बजाय मटको का उपयोग करने की सलाह दी।
इस दौरान कुछ व्यवसायियों द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन उपयोग करते पाए जाने पर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। सब्जी मंडी परिसर में सब्जी एवं फ्रूट विक्रेताओं को सड़े गले फल इत्यादि न बेचने, पॉलिथीन का उपयोग न करने और निरंतर साफ सफाई का ध्यान रखने की हिदायत दी। भ्रमण के दौरान सब्जी मंडी परिसर में गंदगी दिखाई देने पर स्वयं परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन ने झाड़ू लगाया।
इस मौके पर अध्यक्ष सुरेश जैन के अलावा अभियान दल प्रभारी कपिल सिंह राजावत, उपयंत्री अंकित मांझी, स्वच्छता प्रभारी दिलीप जोशी, आशीष कोठारी, कंवरलाल प्रजापत तथा अन्य जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित थे।