नीमच। शासन निर्देशानुसार युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों के बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम में नीमच के गौरवमयी इतिहास से अवगत कराने हेतु नीमच गौरव दिवस का आयोजन 1 जून से 3 जून तक 3 दिवसीय कार्यक्रमों के साथ किया जा रहा है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए नगरपालिका परिषद्, नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा व मुख्य नगरपालिका अधिकारी गरिमा पाटीदार ने बताया कि 1857 की स्वतंत्रता संग्राम क्रांति में पहली गोली नीमच से 3 जून को चलाई गई थी। इसी बात को ध्यान में रखकर 3 जून का दिन नीमच गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 1 जून, 2023 को प्रातः 6 बजे लायन्स पार्क चौराहा पर कार्यक्रम का शुभारंभ तथा जुम्बा कार्यक्रम व सायं 7 बजे शहीद पार्क, नीमच सिटी पर एक शाम शहिदों के नाम व एक दीप शहिदों के नाम कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार 2 जून, 2023 को प्रातः 9 बजे गांधी वाटिका, नीमच में 1857 की क्रांति पर आधारित चित्रकला, रांगोली व पेंटिंग प्रतियोगिता तथा सायं 7 बजे वात्सल्य भवन पर काव्य गोष्ठि व आतिशबाजी का आयोजन होगा। इसी प्रकार 3 जून को प्रातः 7 बजे बघाना में सायकल रैली, कपड़ा थैली वितरण व मैजिक शो का आयोजन तथा सायं 7 बजे से टाउनहॉल, नीमच में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नीमच गौरव सम्मान, आतिशबाजी, शुभंकर प्रदर्शन व पुरूस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
नपाध्यक्ष चौपड़ा व मुख्य नपा अधिकारी पाटीदार ने समस्त जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों व पत्रकारगणों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने का अनुरोध किया है।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।