शाजापुर। जिले के डोंकरगांव एवं जाईहेड़ा में करणी सेना के बोर्ड अनावरण का शुभारंभ करणी सेना परिवार के प्रदेश सचिव अजीतसिंह खड़ी डोडिया के नेतृत्व में किया गया। करणी सेना सदस्य दिनेश केलकर ने बताया कि डोकरगांव और ग्राम जाईहेड़ा में करणी सेना के बोर्ड का अनावरण किया गया। इस दौरान 8 जनवरी को भोपाल में हुए जनआंदोलन को लेकर गांव में विशेष बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में बताया कि 8 जनवरी को भोपाल में 21 सूत्रीय मांगों को लेकर महा आंदोलन करणी सेना के द्वारा किया गया था, जिसमें भाजपा सरकार ने मांगे मानते हुए लिखित में पत्र दिया था और एक महीने का समय मांगा था। आज 6 महीने हो चुके हैं परंतु सरकार ने मांगे पूरी नहीं की हैं।
बैठक में डोडिया ने कहा कि सरकार के झूठे वादे और छल कपटपूर्ण रवैये के कारण आगामी विधानसभा चुनाव में करणी सेना के द्वारा भाजपा सरकार का विरोध किया जाएगा। डोडिया ने कहा कि सभी करणी सैनिकों ने निर्णय लिया है कि यदि भाजपा सरकार का कोई भी नेता उनके गांव में वोट मांगने के लिए आएगा तो उसे काले झंडे दिखाकर किए गए वादे याद दिलाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भोपाल में करणी सेना परिवार द्वारा 8 जनवरी को 21 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद प्रदेश सरकार ने करणी सेना का आंदोलन लिखित में आश्वासन देकर समाप्त करा दिया था। सरकार ने वादा किया था कि एक माह में मांगों को पूरा कर दिया जाएगा। सरकार द्वारा किए गए वादे को छह माह होने के बाद भी पूरा नही किया गया है जिसको लेकर करणी सैनिकों में आक्रोश व्याप्त है।
ऐसे में करणी सैनिकों ने अब भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाने का फैसला लिया है। करणी सैना पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार से मांग है कि आरक्षण को आर्थिक आधार पर किया जाए और एक बार आरक्षण मिलने पर दोबारा आरक्षण का लाभ नहीं दिया जाए। एससी-एसटी एक्ट में बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए। एससी-एसटी एक्ट की तर्ज पर सामान्य पिछड़ा एक्ट बने तो सामान्य पिछड़ा वर्ग को भी कानूनी सहायता दी जाए।