मनासा। “जो व्यक्ति अपने जीवन में सत्यता को धारण कर उसी के अनुरूप आचरण करता है, वही सच्चा सनातनी कहलाता है।” यह विचार आर्यावर्त षटदर्शन साधु मंडल भारत की प्रदेश अध्यक्ष साध्वी जयमाला दीदी ने सनातन सत्संग मंडल द्वारा आयोजित 100वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में व्यक्त किए।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक साहित्याचार्य संत श्री चेतनरामजी की पावन प्रेरणा से मंदिरों की नगरी मनासा में धर्म, अध्यात्म, संस्कार, सामाजिक सद्भाव एवं समरसता के उद्देश्य को लेकर प्रत्येक मंगलवार नगर के विभिन्न मंदिरों एवं क्षेत्रों में सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आयोजित 100वें आयोजन में बड़ी संख्या में सनातन परिवारों ने सहभागिता की।
प्रेस क्लब के सौजन्य से हुआ आयोजन-
प्रेस क्लब मनासा (रजिस्टर्ड) के सौजन्य से आयोजित इस धार्मिक समागम का शुभारंभ भगवान श्रीहनुमानजी एवं अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आद्य आचार्य स्वामी श्री रामचरणजी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ।
इस दौरान प्रेस क्लब के संरक्षक मंडल के कैलाश सोढ़ानी, शब्बीर बोहरा, रामधन विजयवर्गीय, सुरेश कुमावत, हेमंत शर्मा, संजय व्यास, अध्यक्ष धर्मेंद्र पाटीदार, उपाध्यक्ष परसराम वर्मा, सचिव नरेंद्र कुशवाह, सहसचिव दिलीप बोराना, कार्यकारिणी सदस्य मंगल कुशवाह, मनीष जोलान्या, राकेश गुर्जर, मंगल गोस्वामी, भरत कनेरिया, कुंजबिहारी कुशवाह, नरेंद्र राठौर, राकेश शर्मा, नमन यति, यशवंत राठौर सहित अन्य सदस्यों ने पूजन-अर्चन किया।
साध्वी जयमाला दीदी का किया स्वागत-
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित साध्वी जयमाला दीदी का क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी, नगर निरीक्षक पुलिस नीलेश अवस्थी, प्रेस क्लब सदस्यों एवं सनातन सत्संग मंडल के सदस्यों ने स्वागत किया।
सत्संग के दौरान साध्वी जयमाला दीदी ने सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों, सत्य, संस्कार, सद्भाव एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में सत्य, सेवा, संस्कार और सदाचार को अपनाने का मार्ग है।
भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण-
आयोजन के दौरान भजन प्रवाह भी हुआ। विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, राजकुमार मारू, सत्यनारायण सोनी, मनीष, अर्पित शर्मा, कमल विजयवर्गीय, अरुण झंवर, विजय उपाध्याय एवं ओम सोनी ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया। सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सनातन सत्संग मंडल ने आयोजन में सहयोग के लिए प्रेस क्लब मनासा एवं सभी सनातन परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 25 अगस्त, मंगलवार को रात्रि 8:30 बजे श्री मनभावन हनुमान मंदिर, कृषि उपज मंडी में आयोजित होने वाले 101वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया।