निंबाहेड़ा। नगर में बुधवार को दिगंबर जैन समाज द्वारा भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक दिवस को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ को निर्वाण लाडू अर्पित कर सुख-शांति एवं मंगल की कामना की।
समाज प्रवक्ता मनोज सोनी ने बताया कि आदर्श कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जिनालय परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष अशोक गदिया एवं महामंत्री वी.के. जैन के नेतृत्व में सकल समाजजनों ने भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक दिवस पर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। लाभार्थी आभा-चिराग बाकलीवाल परिवार के सहयोग से श्री कल्याण मंदिर विधान की पूजा आयोजित की गई तथा भगवान पार्श्वनाथ को सामूहिक रूप से निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा कार्यक्रम समाज के सुशील काला, महेंद्र कुमार दावड़ा, कमलेश जैन, जेपी पटवारी एवं प्रवीणा अग्रवाल के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न कराया गया। विधान मंडप में श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ एवं भगवान शांतिनाथ का कलशाभिषेक, शांतिधारा सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं भी संपन्न हुईं। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला मंडल संरक्षिका इंदुबाला सोनी, अध्यक्ष शशि जैन सहित समाज के प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कुंवारी बालिकाओं ने रखा उपवास-
मोक्ष सप्तमी के अवसर पर समाज की कुंवारी बालिकाओं ने उपवास व्रत रखा। बालिकाओं ने भगवान की विशेष पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लिया और मोक्ष की कामना की। धार्मिक आयोजन में समाजजनों की श्रद्धा एवं उत्साह देखते ही बना।