शामगढ़। सावन के पावन माह में शामगढ़ के राठौर परिवार के एक युवक ने मातृभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की। युवक अपनी मां को कांवड़ में बैठाकर करीब 20 किलोमीटर का सफर पैदल और नंगे पांव तय करते हुए धर्मराजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां पहुंचकर उसने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बताया गया कि राठौर परिवार के युवक के मन में अपनी मां को तीर्थ दर्शन कराने और भगवान शिव का जलाभिषेक कराने की इच्छा जागी। इसी संकल्प के साथ उसने अपनी मां को कांवड़ में बैठाया और शामगढ़ से धर्मराजेश्वर के लिए पैदल यात्रा शुरू की।
रास्तेभर युवक मां को कांवड़ में बैठाकर नंगे पांव चलता रहा। करीब 20 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद वह धर्मराजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। मंदिर में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और मां के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
युवक की इस मातृभक्ति को देखकर आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने उसकी सराहना की। मां को कांवड़ में बैठाकर पैदल यात्रा करने की यह तस्वीर लोगों के लिए श्रवण कुमार की मातृभक्ति की याद दिलाती नजर आई।