चित्तौड़गढ़। सावन की लोक परंपराओं एवं राजस्थानी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय भानफोर्ट रिसोर्ट में लहरिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिण्डर राजघराने की महारानी दीपेन्द्र कंवर एवं हमीरगढ़ राजघराने की महारानी दीया कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति भदेसर की निवर्तमान प्रधान सुशीला कंवर ने की।
लहरिया उत्सव में राजस्थानी संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी लहरिया पोशाकों में सजी महिलाओं ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।
इस दौरान महिलाओं ने राजस्थानी पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। लहरिया के आकर्षक रंगों और लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा आयोजन राजस्थानी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में एक-दूसरे के साथ सावन के उत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। उपस्थित लोगों ने भी राजस्थानी लोकगीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों का आनंद लिया। लहरिया उत्सव में सावन का उल्लास, राजस्थानी लोक संस्कृति और महिला सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में विमला गट्टानी, रेखा शक्तावत, रेणु मिश्रा, उर्मिला पुरोहित, रामजानकी सोमानी, उषा रांधड़, तृप्ति सोनी, प्रियंका मुंदड़ा, श्वेता मुंदड़ा, हंसा जागेटिया, सीमा शर्मा, नेहा सोनी, करीना सुथार, सुगना बाई, सीमा सोमानी, रेखा नाराणीवाल, अन्नु शर्मा, सरस्वती शर्मा, अनुसूया राठौड़, संतोष कंवर, ममता मुंदड़ा, कुसुम जायसवाल, विदुषी बिल्लू, संजू लड्ढा, राखी राव, मंजु पितलिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।