नीमच। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में मंगलवार रात एक गंभीर घटना उस समय टल गई, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर 8 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। बच्ची को अकेले ले जाते देख सुरक्षा गार्ड की नजर संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ गई। गार्ड के सक्रिय होते ही आरोपी बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10.15 बजे ट्रामा सेंटर की ऊपरी मंजिल स्थित मेडिकल वार्ड में हुई। बताया जा रहा है कि संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से वार्ड में बैठा था। इसी दौरान उसने वहां अकेली बैठी 8 वर्षीय बच्ची से बातचीत शुरू की।
आरोपी ने बच्ची को कथित तौर पर यह कहकर बहलाया कि उसके माता-पिता खाना लेने नीचे गए हैं। इसके बाद वह बच्ची को अपने साथ नीचे ले जाने लगा। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर संदिग्ध की गतिविधियों पर पड़ गई।
गार्ड जैसे ही संदिग्ध की ओर बढ़ा, वह घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। गार्ड की सतर्कता के चलते बच्ची सुरक्षित बच गई और संभावित रूप से बड़ी घटना टल गई।
कुछ देर के लिए बच्ची को अकेला छोड़ गई थी मां-
बच्ची की मां ने बताया कि वह ट्रामा सेंटर में भर्ती एक परिचित महिला से मिलने आई थी। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए बाथरूम गई थी। बच्ची को अकेला देखकर संदिग्ध ने उससे बातचीत शुरू की और उसे बहलाने-फुसलाने का प्रयास किया। घटना सामने आने के बाद परिजनों ने अस्पताल के सुरक्षा गार्ड की सतर्कता की सराहना की और समय रहते बच्ची को सुरक्षित बचाने के लिए आभार व्यक्त किया।
सिविल सर्जन ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी-
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ से घटना की जानकारी ली और तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और बच्ची एवं उसके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई संदिग्ध की गतिविधियां-
सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। ट्रामा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। बताया गया है कि संदिग्ध की गतिविधियां कैमरों में कैद हुई हैं।
फिलहाल कैंट थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। घटना की पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।